सुरक्षा और सस्ती उच्च शिक्षा चाहती है आधी आबादी

सुरक्षा और सस्ती उच्च शिक्षा चाहती है आधी आबादी


आम बजट पेश होने में अब महज तीन दिन ही बचे हैं। ऐसे में लोगों की जिज्ञासा बढ़ती ही जा रही है कि इस बजट में क्या कुछ खास रहेगा। चूंकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण खुद एक महिला हैं इसलिए महिला वर्ग को उनसे ज्यादा उम्मीदें हैं। महिलाएं चाहतीं हैं कि किचन का सामान सस्ता हो जाए ताकि घर का आर्थिक बजट न बिगड़े। महिलाएं सुरक्षा, सशक्तीकरण और शिक्षा पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की उम्मीद कर रही हैं।


इसके अलावा इस वर्ग को टैक्स स्लैब, म्यूचुअल फंड्स, बीमा और लोन की ब्याज में छूट की उम्मीद है। महिलाओं को उनकी उच्च शिक्षा सस्ती होने की उम्मीद है। इसी के साथ वे यह भी चाहती हैं कि इस बार बजट में महिलाओं के रोजगार पर खास ध्यान दिया जाए। साथ ही नया कारोबार शुरू करने के लिए सस्ते ब्याज पर ऋण भी उपलब्ध कराया जाए। गृहिणियां घरेलू उपकरणों में भी छूट चाहती हैं।


महिलाओं को उम्मीद है कि इस बार दैनिक जरूरत की वस्तुओं में भी गिरावट आ सकती है। महिलाओं की सर्वाधिक चिंता घरेलू वस्तुओं के बढ़ते दाम को लेकर है। उनका कहना है दाम पर नियंत्रण न होने से किचन का बजट खराब हो जाता है।


चार प्रमुख उम्मीदें


- महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और शिक्षा पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की उम्मीद


- महिलाओं के बड़े पैमाने पर रोजगार दिए जाने की उम्मीद


- किचन की आवश्यक वस्तुओं में भी गिरावट की उम्मीद


- बाजार अथवा कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल के लिए कदम उठाने की उम्मीद


बोलीं महिलाएं


घरेलू बजट न बिगड़े, इसके लिए अपेक्षा है कि रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों को स्थिर रखा जाए। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर बजट में प्रावधान किया जाए।


शिप्रा श्रीवास्तव


महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और शिक्षा पर खासा जोर होना चाहिए। बेटियों की शिक्षा और अच्छे उपाय होने चाहिए ताकि उनकी पढ़ाई में कोई व्यवधान न आने पाए।


क्षमा तिवारी


किचन की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उसपर प्रभावी अंकुश के लिए कड़े प्रावधान होने चाहिए। इसके साथ ही सरकार ऐसे मदों में पैसा निवेश करे जिससे रोजगार पैदा हों।


मधुलिका तिवारी


महिलाओं के रोजगार पर खास ध्यान दिया जाए। साथ ही नया कारोबार शुरू करने के लिए सस्ते ब्याज पर ऋण भी उपलब्ध कराया जाए। सुरक्षा पर और कड़े प्रबंध किए जाएं।


ज्योति